हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित गांव सबली गेट के सामने तेल व रिफाइंड के गोदाम में शॉर्ट शर्किट के कारण आग लग गई। इसमें तेल व रिफाइंड के पैकेजिंग गत्ते जलकर राख हो गए। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
मेरठ रोड निवासी विजय अग्रवाल रविंद्रा तेल वालों का दिल्ली रोड स्थित गांव सबली गेट के सामने केएल वेजिटेबल ऑयल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम से तेल व रिफाइंड का गोदाम है। बुधवार की सुबह करीब छह बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। गोदाम से धुंआ उठता देख लोगों ने इसकी सूचना मालिक को दी। इस पर गोदाम मालिक समेत कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। लेकिन पैकेजिंग गत्ते जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि आग ने पास में रखे तेल व रिफाइंड के टीनों को अपनी चपेट में नहीं लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि शॉर्ट शर्किट के कारण पैकेजिंग गत्ते में आग लगना प्रतीत हो रहा है।