पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के तहत गढ़ ब्लॉक में 9 दिसंबर को मतदान होना है। आठ दिसंबर को कड़ी सुरक्षा के बीच पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
तीन चरण के सकुशल संपन्न होने के बाद अब प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने चौथे और अंतिम चरण की तैयारी तेजी से शुरू कर दी है। हालांकि सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ साथ पुलिस की ड्यूटी पहले ही लगा दी गई है।
9 दिसंबर को गढ़ ब्लॉक के 93 मतदान केंद्रों के 246 मतदान बूथों पर ग्राम प्रधान के 60 और ग्राम पंचायत सदस्य के 788 पदों के लिए वोटिंग होनी है। पोलिंग पार्टी रवाना करने की सभी तैयारी प्रशासन ने कर ली है। बस और छोटे वाहनों को अधिग्रहण सात दिसंबर को कर लिया जाएगा।
अंतिम चरण में भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।- हरीश चंद्र, एडीएम
अंतिम चरण में मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। शांति व्यवस्था खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।- योगेश कुमार सिंह , एसपी