हापुड़। विधानसभाओं के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची के आलेख्य का प्रकाशन मंगलवार को किया गया है। इस बीच मैपिंग न होने और अधूरी जानकारी देने पर 1,27,087 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन मतदाताओं को अब 13 प्रकार की आईडी में से कोई भी आईडी देने के बाद ही मतदाता बनाया जाएगा। इसके लिए छह फरवरी तक का समय रहेगा। दावे और आपत्तियों के बाद छह मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
जिले में चार नवंबर से एसआईआर के तहत मतदाताओं के सत्यापन का कार्य चल रहा है। इस अभियान में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 11,56,699 मतदाताओं को शामिल किया गया था। मतदाताओं को दिए गए गणना प्रपत्रों को वापस जमा कर डिजिटाइज्ड करने के लिए पहले चार दिसंबर तक का समय था, लेकिन बाद में समय को चार बार बढ़ाया गया। चार दिसंबर के बाद 11, 26, 31 दिसंबर और उसके बाद छह फरवरी तक का समय चुनाव आयोग ने दिया था। इस दौरान तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 11,56,699 के सापेक्ष 7,71,709 मतदाताओं के गणना प्रपत्र ही डिजिटाइज्ड हुए हैं, इसमें करीब 1,27,087 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, क्योंकि फॉर्म में इनके द्वारा अधूरी जानकारी दी गई है। ऐसे मतदाताओं को अब नोटिस जारी किए गए हैं। चुनाव आयोग के आदेशानुसार ऐसे मतदाताओं को जरूरी दस्तावेज प्रमाण के रूप में देने होंगे।
2.57 लाख के नाम एएसडी सूची में शामिल
जिले में 22.30 प्रतिशत के साथ 2,57,903 मतदाताओं के नाम अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक, डुप्लीकेट और अन्य की श्रेणी में शामिल हैं। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को मतदाता सूची का आलेख्य यानी ड्राफ्ट का प्रकाशन किया गया है। दावे और आपत्तियों के बाद इसकी जांच कराकर सही नामों को मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।
नई वोट बनवाने के लिए भरें फॉर्म -6, सूची में देखें नाम
जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में छूट गए हैं और अप्रैल 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं, वह फॉर्म-6 भरकर बीएलओ को दे सकते हैं। इनके फार्म की जांच के बाद बीएलओ मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए चुनाव कार्यालय को नाम भेजेगा। वहीं, जिन लोगों ने एसआईआर के बाद अब तक अपना नाम मतदाता सूची में देखा नहीं है, वह बूथ पर जाकर और बीएलओ से संपर्क कर अपना व परिवार का नाम जरूर चेक कर लें। जिससे कि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
विधानसभा क्षेत्रों में अधूरी जानकारी का डाटा
विधानसभा क्षेत्र नो मैपिंग प्रतिशत
धौलाना 28847 6.82
हापुड़ 60684 15.89
गढ़मुक्तेश्वर 37556 10.68
कुल योग 127087 10.99
ये जरूरी दस्तावेज दिखाने होंगे
- केंद्र या राज्य या सार्वजनिक उपक्रम का कर्मचारी, पेंशनभोगी पहचान-पत्र, पेंशन भुगतान आदेश।
- एक जुलाई 1987 से पहले सरकार, बैंक, डाकघर से जारी पहचान-पत्र, प्रमाण-पत्र या अभिलेख।
- सक्षम अधिकारी की ओर से जारी जन्म प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट या 10 वीं कक्षा का शैक्षिक प्रमाण-पत्र।
- सक्षम राज्य प्राधिकारी की ओर से जारी स्थाई निवास प्रमाण-पत्र या अन्य अधिकार प्रमाण-पत्र।
- तहसील से जारी ओबीसी, एससी, एसटी या कोई भी जाति प्रमाण-पत्र, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर।
- राज्य या स्थानीय प्राधिकारी से जारी परिवार रजिस्टर, सरकार से आवंटित भूमि या मकान का आवंटन पत्र आदि।
कोट -
जिले में 1.27 लाख मतदाताओं की अधूरी जानकारी के कारण उनकी मैपिंग नहीं हो सकी है। ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। दावे और आपत्ति के दौरान छह फरवरी तक 13 प्रकार की आईडी में से कोई भी आईडी देने पर इनका नाम मतदाता सूची में जोड़ दिया जाएगा।
- शुभम श्रीवास्तव, एसडीएम व एसआईआर के उप-प्रभारी
-