हापुड़। लोक निर्माण विभाग ने धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की सड़क का निर्माण शुरू करा दिया है। करीब तीन करोड़ रुपये से बनने वाली सड़क से करीब 120 औद्योगिक इकाइयों को राहत मिलेगी।
लंबे समय से उद्यमी व ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। आए दिन ट्रक और बड़े वाहन गड्ढों में फंस जाते थे। बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या रहती थी। इससे उद्यमियों की फैक्टरी का माल भी गिरकर खराब हो जाता था। यहां तक कि जलनिकासी को लेकर भी बड़ी समस्या रहती थी।
धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के सचिव धीरज चुग सोनू ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद अब औद्योगिक क्षेत्र के गेट से लेकर अंदर गांव तक की सड़क और नाले का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने शुरू करा दिया है। इस सड़क के निर्माण के लिए धीरखेड़ा गांव के निवासी राधे श्याम त्यागी लंबे समय से लड़ाई लड़ रहे थे। साथ ही उच्च स्तर पर वार्तालाप कर सभी की समस्या का समाधान कराया। इस कार्य से उद्यमियों में खुशी की लहर है। आईआईए के चेप्टर अध्यक्ष पवन शर्मा, उद्यमी प्रमोद गोयल, शांतनु सिंघल, अतुल गोयल, मनोज गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, सौरभ, कपिल ने खुशी जताई है।