पिलखुवा। मोहल्ला शुक्लान में केबल डालने के दौरान सड़क खोदने के बाद गड्ढा नहीं भरने पर नगर पालिका परिषद ने एक दूरसंचार कंपनी को नोटिस जारी किया है। चेतावनी दी है कि यदि जल्द गड्ढा नहीं भरा गया और लीकेज की समस्या दूर नहीं की गई तो नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार गड्ढा खुले रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के बीच दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। पालिका अधिकारियों के अनुसार कंपनी के प्रतिनिधियों को कई बार फोन पर गड्ढा भरने और लीकेज ठीक कराने के निर्देश दिए गए लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया।
नामित सभासद राजीव हाडा ने कहा कि सड़क पर खुला गड्ढा लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है। कंपनी को तत्काल गड्ढा भरकर आवागमन सुचारु कराना चाहिए। अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि कंपनी को नोटिस जारी कर दिया गया है। यदि शीघ्र गड्ढा नहीं भरा गया और लीकेज की समस्या दूर नहीं की गई तो पालिका अधिनियम के तहत जुर्माने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।