मेरठ रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में कैश खत्म होने पर ग्राहकों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्राहकों ने मेरठ रोड पर जाम लगाकर हंगामा किया। पुलिस कर्मियों को गुस्साई भीड़ को हटाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आधे घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
नोट बंदी की घोषणा के 23 दिन बाद भी कैश की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार को अधिकांश बैंकों में कैश खत्म रहा। मेरठ रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर सुबह 8 बजे से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई।
सुबह 10 बजे बैंक खुला तो ग्राहक कैश लेने के लिए कतार में लग गए, लेकिन कुछ ही देर में बैंक के बाहर कैश खत्म होने का नोटिस चस्पा कर दिया गया। इससे घंटों कतार में खड़े ग्राहकों का गुस्सा फूट पड़ा।
गुस्साए ग्राहकों ने मेरठ रोड पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक ग्राहकों ने आवागमन ठप कर दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस बल ने किसी तरह उग्र भीड़ को शांत किया और जाम खुलवाया। ग्राहकों ने बैंक अफसरों पर अपने परिचितों को कैश देने का आरोप लगाया।
हंगामा करने वालों में सौरभ, अंकित, शिवकुमार, कालीचरण, रूपेश, इकराम, सुरेश, सुदेश, हिमांशु, रविंद्र आदि मौजूद रहे। एलडीएम एपी चतुर्वेदी ने बताया कि कैश की कमी होने के कारण बैंकों में यह समस्या बनी थी। कैश की डिमांड की जा चुकी है। जल्द ही पर्याप्त मात्रा में कैश मिल जाएगा।