कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों की मदद के लिए लगाए जाने वाले शिविरों में मुफ्त बिजली का इस्तेमाल नहीं हो सकेगा। शिविर संचालकों को बिजली का अस्थाई कनेक्शन लेना होगा। इस बार ऊर्जा निगम के अफसर शिविरों का औचक निरीक्षण करेंगे। जांच में अस्थाई कनेक्शन नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिवरात्री के मद्देनजर पवित्र गंगा जल लेकर आने वाले शिव भक्तों की सेवा में मेरठ रोड समेत नगर में बड़ी संख्या में शिविरों का आयोजन किया जाता है। लेकिन इन शिविरों में बिजली की व्यवस्था के लिए कनेक्शन नहीं लिया जाता है।
ऐसे में लाइन लॉस के कारण ऊर्जा निगम को काफी राजस्व क्षति होती है। समस्या से निजात पाने के लिए इस बार ऊर्जा निगम के अफसरों ने शिविरों में अस्थाई कनेक्शन देने का निर्णय लिया है।
संचालकों को शिविर लगाने से पूर्व बिजली निगम में अस्थाई कनेक्शन के लिए आवेदन करना होगा। कांवड़ यात्रा के दौरान निगम अफसर शिविरों का औचक निरीक्षण करेंगे।
अधिशासी अभियंता चंदन प्रकाश का कहना है कि निरीक्षण के दौरान शिविर में चोरी से बिजली का प्रयोग होता मिलने पर शिविर संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संचालकों को अस्थाई कनेक्शन लेने की हिदायत दी है।