पिलखुवा। सोमवार की सुबह मोदीनगर रोड पर उठी आग अब सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि दर्द की तस्वीर बन गई है। करीब 80 झुग्गियों के साथ दो कंपनियों का करोड़ों का माल इस आग में राख हो गया। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई लेकिन इस बड़े अग्निकांड के बावजूद जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से उन लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिन्होंने अवैध रूप से इस बस्ती को बसाया था।
इस आग में 80 झुग्गियों के साथ दो कारोबारियों को भी भारी नुकसान हुआ है। यूनाईटेड लोजिस्टिक एक्सप्रेस सर्विस ट्रांस्पोर्ट के मालिक प्रदीप कुमार नामदेव ने बताया कि करीब 800 गांठ कपड़ा खत्म हो गया, लुधियाना तक जाने वाला पूरा माल राख हो गया।
स्थानीय स्तर पर मदद मिली, लेकिन दो करोड़ के नुकसान के बाद आगे का रास्ता खाली नजर आ रहा है। वहीं, गायत्री ट्रांसपोर्ट में ट्रांसपोर्ट कार्य देखने वाले अशोक कुमार के सामने भी वही मंजर है। करीब 1000 गांठ कपड़ा, जयपुर जाने वाला माल और एक छोटा हाथी वाहन आग में खत्म हो गया।
उन्होंने बताया कि वर्षों की मेहनत एक झटके में खत्म हो गई और बिना बीमा के अब कोई सहारा नजर नहीं आ रहा। घटना के बाद वहां काम करने वाले कर्मचारियों की हालत भी खराब है।
इस आग ने सिर्फ गोदाम नहीं जलाए, बल्कि पूरे बाजार की धड़कन को झटका दिया है। जिन ट्रांसपोर्ट से शहर का बड़ा हिस्सा चलता था, वही अब खामोश हैं। सप्लाई रुक गई है, ऑर्डर अटक गए हैं और व्यापार की रफ्तार अचानक थम गई है। अब हर व्यापारी एक ही सवाल कर रहा है आखिर इस करोड़ों के नुकसान की भरपाई कैसे होगी। बड़ी बात यह है कि इतनी बड़ी संख्या में अवैध कॉलोनी बसाने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की बड़ी जनहानि नहीं हुई। कोई जनहानि होती या बड़ा हादसा होता तो शायद पुलिस प्रशासन हरकत में आता और जिम्मेदारों को कार्रवाई के लिए चिह्नित कर कार्रवाई होती।
सीओ अनीता चौहान का कहना है कि इस संबंध में किसी प्रकार की कोई शिकायत किसी की ओर से नहीं की गई है, फिर भी मामले की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिलखुवा में मोदीनगर रोड पर झुग्गियों में आग लगने के बाद खाली पड़ी झुग्गी।संवाद