ब्रजघाट। सेंट्रल नारकोटिक्स विभाग की टीम ने मंगलवार को दूसरी बार गंगानगरी में छापा मारते हुए नशीली दवाओं का गोरखधंधा चला रहे गिरोह से जुड़े कनेक्शन को बारीकी से खंगाला। काफी देर तक जांच करने के बाद टीम एक मकान के बाहर नोटिस चस्पा करके लौट गई।
मुक्ति धाम के रूप में विख्यात ब्रजघाट गंगानगरी में गुरुद्वारे के पास वाली आबादी के अंदर मंगलवार को दिल्ली से सेंट्रल नारकोटिक्स विभाग की टीम ने छापा मारा। हालांकि कार्रवाई के दौरान टीम को कितनी मात्रा में नशीली दवा बरामद हुई हैं, फिलहाल इसकी जानकारी हासिल नहीं हो पाई है। नारकोटिक्स विभाग की टीम ने कार्रवाई के बाद संबंधित भवन पर नोटिस चस्पा करते हुए विभागीय कार्यालय में आकर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। टीम का नेतृत्व कर रहे एसपी सिंह ने बताया कि दो माह पहले की गई छापामारी में ब्रजघाट के मकान के अंदर 80 लाख से भी अधिक कीमत वाली नशीली दवाओं की खेप पकड़ी गई थी। संबंधित मकान के बाहर नोटिस चस्पा करते हुए संबंधित लोगों को कार्यालय में पहुंचकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि सेंट्रल नारकोटिक्स विभाग की टीम द्वारा ब्रजघाट में छापा मारने के विषय में स्थानीय पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है।