हापुड़। जिला मेरठ के गांव महलवाला निवासी हर्षित त्यागी ने बाइक सवार दो युवकों पर पर्स और बैग लूटने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
हर्षित त्यागी ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह मोदीनगर चीनी मिल में सुपरवाइजर है। सोमवार की शाम वह मिल से ड्यूटी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे के आसपास साइलो प्रथम चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित एलआईसी कार्यालय के पास पहुंंचा तो बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया था। आरोप है कि युवकों ने हथियार के बल पर गाली गलौज कर उसे पीटा था। इसके बाद आरोपी करीब 18 सौ रुपये से भरा पर्स व बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में उनके पैनकार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड आदि जरूरी दस्तावेज थे। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जा रही है। जांच में घटना सही पाए जाने पर युवक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।