हापुड़। करीब चार माह बाद नगर पालिका की बोर्ड बैठक अब सोमवार को होगी। इसके लिए एजेंडा तैयार किया जा रहा है। बैठक में करीब 20 करोड़ के प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इसमें 100 से अधिक सड़कों व नालियों के प्रस्ताव भी रहेंगे। साथ ही कूड़ा निस्तारण के लिए भूमि की खरीद का प्रस्ताव भी शामिल होगा। बैठक में शहर में व्याप्त बंदरों और कुत्तों की समस्या का मुद्दा एक बार फिर गरमा सकता है।
पिछली बार पालिका की बोर्ड बैठक 15 फरवरी को हुई थी। उस बैठक में करीब 25 करोड़ रुपये के 100 विकास कार्यों के प्रस्तावों को स्वीकृति मिली थी। इस बार होने वाली बैठक में भी कई मुद्दों पर हंगामा हो सकता है, इसमें स्ट्रीट लाइटों की खरीद, बंदरों व कुत्तों की समस्या और कुछ सभासद उनके वार्ड की अनदेखी का आरोप भी लगा रहे हैं। इन गंभीर मुद्दों को लेकर बैठक में हंगामा होने के आसार हैं। बता दें कि वर्तमान में शहरवासी बंदरों और कुत्तों की समस्या से जूझ रहे हैं। हर दिन लोग सभासदों से शिकायत करते हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा साफ-सफाई की समस्या व्याप्त होने से भी लोगों में नाराजगी है। बैठक में सड़क, नाला और नाली निर्माण के ही 80 से अधिक प्रस्ताव शामिल किए जाएंगे। इन प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके अलावा पालिका द्वारा ठोस कूड़ा निस्तारण केंद्र के लिए रामपुर रोड पर ढाई हेक्टेयर भूमि की खरीद को लेकर भी चर्चा होगी। जबकि, पिछले महीने ईओ का स्थानांतरण होने के कारण बैठक टल गई थी।
मामले में पालिकाध्यक्ष पुष्पा देवी का कहना है कि सोमवार को बोर्ड बैठक कराने की तैयारी है। अभी एजेंडा तैयार हो रहा है। इसके बाद तिथि को लेकर पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।
गैर आवासीय भवनों पर ज्यादा टैक्स लगाने का उठेगा मुद्दा
शासन के नए आदेश के अनुसार, गैर आवासीय भवनों से दो गुना तक ही टैक्स लिया जा सकता है। इसको लेकर व्यापारी और सभासद सभी मांग भी कर रहे हैं कि वर्तमान में जो चार गुना टैक्स पालिका ले रहे, उसमें संशोधन होना चाहिए। यह संशोधन अधिकारी बोर्ड बैठक से कराने की तैयारी में हैं। इसके लिए सभासद भी प्रस्ताव देंगे।