हापुड़। नगर पालिका जल्द ही कुत्तों नसबंदी (बंध्याकरण) कराएगी। इससे शहरवासियों की एक बड़ी समस्या का समाधान होगा। अमर उजाला ने चार दिन पहले शहर के कोठी गेट पर हुए हादसे की खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान पालिका अधिकारियों ने लिया है और टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है।
13 अक्तूबर को पालिका की बोर्ड बैठक हुई थी। इस बैठक में करीब एक हजार कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी कराने का प्रस्ताव पास हुआ था। प्रति कुत्ते के बंध्याकरण कराने पर 1650 रुपये खर्च होंगे, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी पालिका की ओर से टेंडर नहीं निकाला गया, जबकि हर दिन शहरवासी आवारा कुत्तों का शिकार हो रहे हैं। चार दिन पहले कोठी गेट व मोहल्ला जैन गली में एक कुत्ते ने कई लोगों को काटकर घायल किया। यहां तक कि बाजार में भगदड़ तक मच गई। इसके अलावा भी इस क्षेत्र में कई कुत्ते हैं, जो आए दिन लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।
मामले में अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की थी। इसमें पालिका की लापरवाही को भी उजागर किया गया था। इसके बाद पालिका के स्वास्थ्य विभाग ने कदम आगे बढ़ाते हुए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। नवंबर माह में प्रक्रिया पूरी होगी और दिसंबर से कुत्तों को पकड़कर उनका बंध्याकरण कराया जाएगा। इसके लिए एक अस्थाई अस्पताल भी बनेगा।
मामले में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि कुत्तों का बंध्याकरण कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही कुत्तों को पकड़कर उनका बंध्याकरण कराया जाएगा।