गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव लुहारी में पिछले तीन दिनों से कटखना बंदर आतंक का पर्याय बना हुआ है। जिसने राह चलते लोगों के साथ ही घर में घुसकर ग्राम प्रधान को घायल कर दिया। इसके अलावा मेरठ से आए हुए युवक को भी लहूलुहान कर दिया। जिससे ग्रामीणों में रोष बना हुआ है।
गांव लुहारी में पिछले तीन दिनों से कटखने बंदर का इस कदर खौफ चल रहा है कि महिला और बच्चे बाहर निकलना तो दूर बल्कि घरों के अंदर भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य परवेज चौधरी ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात में भी कटखने बंदर ने हमला कर सुखबीर गोस्वामी, अभिषेक शर्मा और गगन को काटकर घायल कर दिया। इसके अलावा ग्राम प्रधान राजकुमार पर भी बंदर ने हमला कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही कटखने बंदर की धरपकड़ नहीं कराई गई तो फिर तहसील और ब्लॉक कार्यालय का घेराव कर धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। एसडीएम श्रीराम सिंह का कहना है कि जिला प्रशासन की ओर से वन विभाग के आला अधिकारियों को बंदर की धरपकड़ करने के लिए कड़े दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिनमें किसी भी प्रकार की कोई ढिलाई अथवा लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।