हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत देवनंदनी अस्पताल में बुजुर्ग महिला के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने तोड़फोड़ करते हुए अस्पताल के स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान कांच टूटकर गिरने से एक बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए। वहीं, मारपीट में दोनों पक्षों के लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद परिजन महिला मरीज को अपने साथ ले गए।
पुलिस के अनुसार थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के उपैड़ा गांव निवासी बुजुर्ग महिला अलीमन को खून की उल्टी हो रही थीं। सोमवार की देर रात करीब 11 बजे परिजनों ने गढ़ रोड स्थित देवनंदनी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने मरीज की हालत गंभीर देखते हुए उसे वेंटीलेटर पर ले लिया, लेकिन मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ। मंगलवार सुबह परिजनों ने मरीज की छुट्टी करने की बात कही। अस्पताल प्रबंधन ने दोपहर बाद मरीज को छुट्टी दे दी, लेकिन परिजनों ने लापरवाही और इलाज के नाम पर रुपये हड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इसके बाद परिजनों और अस्पताल के स्टाफ में मारपीट हो गई। इसमें स्टाफ व महिला के परिजन घायल हो गए। महिला के परिजनों ने अस्पताल में लगा शीशा भी तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत किया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. श्याम कुमार का कहना है कि मरीज की हालत सोमवार रात से ही बेहद गंभीर थी, उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। मंगलवार दोपहर रेफर करने के दौरान अस्पताल की दूसरी मंजिल से महिला मरीज को स्ट्रेचर से लेकर भूतल पर लाया जा रहा था। इस दौरान महिला को सांस देने के लिए पंपिंग किया जा रहा है। ऐसे में किसी ने महिला मरीज के मरने की अफवाह उड़ा दी। इसके बाद परिजन आक्रोशित हो गए। परिजनों में शामिल महिला व पुरुषों ने हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की और अस्पताल के स्टाफ के साथ मारपीट की।
हंगामे की सूचना पर थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराया। इसके बाद परिजन महिला मरीज को अपने साथ लेकर चले गए, हालांकि महिला जीवित बताई जा रही है। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि अस्पताल में हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस के समझाने पर परिजनों महिला मरीज को लेकर चले गए थे। उसे पिलखुवा के किसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।