बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव से जनवरी माह में घर से गायब हुई किशोरी को दिल्ली पुलिस ने हरीनगर इलाके से बरामद कर लिया। दिल्ली पुलिस शुक्रवार को किशोरी को साथ लेकर बाल कल्याण समिति के आफिस पहुंची।
जहां से उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। किशोरी ने बताया कि परिजन उसकी शादी करना चाहते थे, जिसके चलते घर से भाग गई थी। बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा अतुला शर्मा ने बताया कि किशोरी 27 जनवरी 2016 को अपने घर से गायब हो गई थी।
परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार को दिल्ली की हरीनगर इलाके की पुलिस किशोरी को हापुड़ लेकर आई। जहां समिति के पदाधिकारियों ने उससे घर से जाने का कारण पूछा तो उसने बताया कि परिजन उसकी शादी करना चाहते हैं।
जबकि वह शादी से इंकार कर रही थी। इसलिए वह घर से भाग गई थी। फिलहाल किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों को भी हिदायत दी गई है कि यदि नाबालिग की शादी कराने की कोशिश तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।