जिला अस्पताल के निर्माण कार्य में अनियमितता
- फोटो : अमर उजाला
दस्तोई रोड पर करीब 220 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन 200 बेड के जिला अस्पताल का जिले के प्रभारी मंत्री डा. मनोज पांडेय ने निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में अनियमितता मिलने पर उन्होंने निर्माण निगम के अफसरों को फटकारा।
मंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी और सीएम को रिपोर्ट देंगे। बृहस्पतिवार शाम करीब सवा चार बजे प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री डा. मनोज पांडेय दस्तोई रोड पर निर्माणाधीन जिला अस्पताल पर पहुंचे।
जिला अस्पताल का निर्माण करने का जिम्मा निर्माण विभाग पर है। प्रभारी मंत्री को निर्माण विभाग के अफसरों ने बताया कि मार्च 2017 तक इस अस्पताल का निर्माण पूरा करा दिया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल के बन रहे विभिन्न भागों का निरीक्षण किया।
स्टाफ क्वार्टर के बारे में जानकारी की तो अफसरों ने बताया कि इसी परिसर में यह बनाए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने भवन के लेटर, बीम आदि का निरीक्षण किया तो कई स्थानों पर बजरी दिखाई दे रही थी और बीम के पास जगह छूटी हुई थी।
इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। मंत्री ने कहा कि एक या दो स्थान पर यह कमी होती तो मान लिया जाता लेकिन कई स्थानों पर यह कमी है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान धौलाना क्षेत्र के विधायक धर्मेश तोमर, सीडीओ कुणाल सिल्कू, डिप्टी सीएमओ डा.प्रवीण शर्मा, जिलाध्यक्ष किशन सिंह तोमर, सपा प्रबुद्ध सभा के जिलाध्यक्ष रविंद्र शर्मा, श्यामसुन्दर भुर्जी आदि मौजूद थे।