हापुड़। मुरादाबाद से गाजियाबाद के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन का संचालन अगले दस दिन तक बंद रहेगा। यात्रियों को 25 सितंबर से चार अक्तूबर तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर पॉवर व ट्रैफिक ब्लॉक के चलते यह निर्णय लिया गया है।
यह ब्लॉक गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर रहेगा। यहां पटरियों और स्लीपर बदलने का कार्य किया जाएगा। इस मेगा ब्लॉक से ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली मेमू ट्रेन भी इसमें शामिल है। हापुड़ और आसपास के क्षेत्रों से लोग इस ट्रेन से गाजियाबाद नौकरी या व्यवसाय करने जाते हैं। मुरादाबाद रेलवे मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने इसकी जानकारी दी है।
गढ़मुक्तेश्वर, सिंभावली, कुचेसर रोड, बाबूगढ़, कस्तला कासमाबाद और पिलखुवा रेलवे स्टेशन के सैकड़ों यात्री मेमू ट्रेन से रोजाना गाजियाबाद आवागमन करते हैं। ट्रेन निरस्त होने से इन यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। इससे अन्य ट्रेनों पर भी यात्रियों का दबाव बढ़ जाएगा। महेश यादव ने बताया कि यात्री इस दौरान अन्य ट्रेनों का विकल्प चुन सकते हैं।