फोर लेन होगा मेरठ-बुलंदशहर एनएच-235
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ बुलंदशहर एनएच-235 का सफर आसान होगा। आठ सौ करोड़ रुपये की लागत से 62 किमी सड़क फोर लेन होगी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 24 मई को इसका शिलान्यास करेंगे।
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने शनिवार को एनएच के अधिकारियों के साथ बुलंदशहर रोड पर इमटौरी गांव के पास कार्यक्रम स्थल का चयन किया है। उधर, एनएच के परियोजना निदेशक रविंद्र ने बताया कि 62 किमी की यह सड़क करीब ढाई साल में तैयार हो जाएगी।
मेरठ से हापुड़ होते हुए बुलंदशहर 62 किमी का मार्ग काफी संकरा है। इसकी वजह से जगह-जगह जाम लगने से वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है। खासतौर पर हापुड़ और गुलावठी से गुजरने वाले भारी वाहनों को काफी दुश्वारी उठानी पड़ती है।
लेकिन अब इस समस्या से जल्द निजात मिलेगा। एनएच-235 पर आठ सौ करोड़ रुपये की लागत से मेरठ से बुलंदशहर का मार्ग फोर लेन होगा और डिवाइडर भी बनेगा। साथ ही खरखौदा, कैली, हापुड़-गुलावठी समेत कई स्थानों पर बाईपास बनेंगे।
इस मार्ग पर पेड़ काटे जाने का कार्य पूरा हो चुका है, अब केवल चौड़ीकरण का कार्य होना है। शनिवार को भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने एनएच 235 के परियोजना निदेशक रविंद्र के साथ बुलंदशहर रोड स्थित गांव इमटौरी पहुंचकर शिलान्यास समारोह स्थल का चयन किया।
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस सड़क के फोर लेन होने से हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर के लाखों लोगों के साथ-साथ यहां से गुजरने वाले लोगों को भी काफी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि शिलान्यास के बाद केंद्रीय मंत्री एक सभा को भी संबोधित करेंगे। इसकी तैयारी जोरशोर से हो रही है।