हापुड़। गांव काकोड़ी निवासी 17 वर्षीय किशोरी सृष्टि शर्मा के शरीर में पानी की कमी के चलते कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सृष्टि ने इसी साल 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उसकी मृत्यु से परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर है। डॉक्टरों ने गर्मी के मौसम में लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है।
सिकंदरपुर काकोड़ी निवासी गौरीशंकर शर्मा की पुत्री सृष्टि शर्मा की दो दिन पहले हालत बिगड़ गई थी। बताया गया कि सृष्टि को दस्त लगने शुरू हो गए थे। इसके बाद परिजन सृष्टि को हापुड़ के गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां किशोरी को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
चिकित्सकों की मानें तो सृष्टि का ब्लड प्रेशर 40 के आसपास ही बना रहा। शरीर में लंबे समय तक पानी की कमी की वजह से ब्लड प्रेशर कम हो जाता है। उन्होंने बताया की बीपी नहीं बढ़ने पर किशोरी को हायर सेंटर रेफर किया गया था लेकिन रास्ते में ही सृष्टि ने दम तोड़ दिया। परिजन हार्ट फेल होने की भी बात कह रहे हैं। चिकित्सक का कहना है कि शरीर में अधिक समय तक पानी की कमी रहने पर ऑर्गन फेल हो जाते हैं, मृत्यु का यह कारण भी हो सकता है। ग्राम प्रधान मनीष वत्स ने बताया कि सृष्टि काफी होनहार और हंसमुख छात्रा थी और हाल ही में उसने कक्षा 12 बेहतर नंबराें के साथ पास की थी।
गर्मी में होती है अतिरिक्त पानी की जरूरत
किशोरी का इलाज करने वाले चिकित्सक डा. हरिओम सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में शरीर को अतिरिक्त पानी की आवश्यकता होती है। दस्त होने के दौरान शरीर में पानी की बेहद कमी हो जाती है। ऐसे में हमें ओआरएस आदि का घोल लगातार पीते रहना चाहिए। इस मामले में भी पानी की कमी से ब्लड प्रेशर लगातार नीचे गिरता चला गया और हार्ट समेत अधिकतर अंगों ने काम करना बंद कर दिया। ऐसे मामलों में कतई भी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।