नगर पालिका के अधिकारियों की ओर से केशवनगर में कम चौड़ी सड़क बनाए के खिलाफ वहां के लोगों शुक्रवार को नगर पालिका परिसर में पालिकाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में पालिकाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर मोहल्ले की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
शुक्रवार को मोहल्ला केशवनगर के लोग एकत्रित होकर नगर पालिका पहुंचे। जहां उन्होंने पालिकाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मोहल्ले के बैनामों में सड़क 20 फुट दर्शाई गई है। जबकि महज आठ फुट चौड़ी ही सड़क बनाई जा रही है।
कुछ स्थानों पर सड़क को अधूरा भी छोड़ दिया गया है। इससे मोहल्ले में जलभराव की समस्या बनी हुई है। मोहल्ले में न तो बिजली के खंभे लगे हुए हैं और न ही नालियों का निर्माण किया गया है। मोहल्ले में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।
कई बार मोहल्ले के लोगों ने नगर पालिका के अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। मोहल्ले के लोगों ने पालिकाध्यक्ष मालती भारती को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की है। पालिकाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि जल्द ही मोहल्ले की समस्याओं को दूर किया जाएगा।