सिंभावली। थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक को सोशल मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर युवती ने वीडियो कॉल की। कॉल को रिकॉर्ड करने के बाद एडिट कर युवती ने अश्लील वीडियो बनाकर युवक के परिचितों को भेज कर भारी-भरकम रकम मांगी। पीड़ित ने परिजनों को सच्चाई बताते हुए मामले की जानकारी पुलिस को दी है।
गांव निवासी युवक ने तहरीर देते हुए बताया कि शनिवार को वह घर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। उसने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। इसके बाद युवती ने उसके साथ संदेश पर काफी देर तक बात की और व्हाट्सएप नंबर ले लिया। पीड़ित का कहना है कि उसके बाद उसके फोन पर नंबर पर वीडियो कॉल आई, तो उसने कॉल उठा ली। दूसरी तरफ युवती नग्नावस्था में थी। जिसे देखकर उसने तुरंत ही कॉल काट दी। पीड़ित ने बताया कि कुछ ही देर के बाद युवती ने कॉल के दौरान बनाई गई वीडियो को एडिट कर अश्लील बना दिया। अश्लील वीडियो आरोपी ने उसके परिचितों के पास भेज दी। मामले की जानकारी होने पर उसने परिवार के सभी लोगों को इसके बारे में बताया। वहीं, युवती ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपये की मांग की है। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर साइबर क्राइम सेल की मदद से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।