हापुड़। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में खल, चूरी और तेल कारोबारी के मुनीम से हुई 85 लाख की लूट के मामले में पुलिस अभी तक अपराधियों को नहीं पकड़ सकी है। सूत्रों की माने तो पुलिस ने बदमाशों की पहचान तो कर ली है, लेकिन फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। बदमाश गंगा पार के रहने वाले बताए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
दादरी निवासी कारोबारी गोपाल के यहां मुनीम के रूप में कार्यरत अजय पाल पिछले सोमवार दोपहर हापुड़ से 85 लाख की रकम लेकर बाइक से वापस गाजियाबाद लौट रहे थे। जैसे ही अजय पाल पिलखुवा क्षेत्र के सरस्वती अस्पताल के पास फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी पीछे से आए सफेद बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक में लात मारकर उन्हें गिरा दिया। तमंचे के बल पर बदमाश 85 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इतनी बड़ी रकम की लूट की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों के पसीने छूट गए। तभी से मेरठ जोन के अधिकारी और मंडल की एसओजी टीमें इस घटना के खुलासे में लगी हुई हैं।
पुलिस सूत्रों की माने तो घटना में कार और बाइक सवार करीब सात बदमाश शामिल रहे। इनमें से अधिकतर की पहचान पुलिस कर चुकी है। उनके ठिकानों की जानकारी के लिए लगातार पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। बताया जा रहा है कि अधिकतर बदमाश गंगा पार अमरोहा जिले के रहने वाले हैं। इसके अलावा गाजियाबाद के भी कुछ युवकों को इस लूट में शामिल किया गया। पुलिस की टीमें लगातार इन्हें ट्रेस कर रही हैं,लेकिन फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए लगातार टीमें काम कर रही हैं। जल्द ही इसके सुखद परिणाम सामने आएंगे।