सिंभावली। क्षेत्र के गांव भोवापुर निवासी युवक ने बदमाशों पर पिटाई कर 45 हजार रुपये की नकदी लूटने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, बाइक सवार युवक से भी मोबाइल फोन छीन लिया। पुलिस ने तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव भोवापुर निवासी कपिल यादव ने थाने में तहरीर दी है। बताया कि वह दूध बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता है। बुधवार की रात करीब साढ़े दस बजे वह मिल क्षेत्र में डेयरी पर दूध देकर गांव लौट रहा था। ढाना मार्ग पर पीर के निकट चार नकाबपोश बदमाशों ने चलती बाइक पर ईंट फेंक कर मारी, इससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिसके बाद बदमाशों ने उसके पकड़ लिया। विरोध करने पर पिटाई करते हुए घायल कर दिया और उसके पास मौजूद 45 हजार सात सौ रुपये लूट कर भाग गए। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों के जाने के बाद उसने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए।
इसके अलावा गांव भोवापुर निवासी राजू ने भी तहरीर दी है। पीड़ित का कहना है कि वह बुधवार की रात करीब आठ बजे बाइक से आटे की बोरी लेकर गांव जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने लात मारकर उसकी बाइक गिरा दी।आरेापियों ने उसे दबोच लिया और पिटाई करना शुरू कर दिया। जिसके बाद बदमाशों ने उसके पास मौजूद मोबाइल छीन लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि दोनों मामलों की जांच कराई जा रही है। बदमाशों की तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।