प्रदेश में विधानसभा चुनाव का दौर शुरू होने वाला है। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने शस्त्र धारकों से शस्त्र जमा करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। करीब 10 दिन बीतने के बाद भी महज 363 शस्त्र धारकों ने ही शस्त्र जमा किए हैं। एसपी ने जल्द शस्त्र जमा नहीं करने वाले लोगों के लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी है।
चुनावी समर में मारपीट व हंगामे के दौरान बवाल या अन्य अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा शस्त्र जमा कराए जाते हैं। प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। जिले में संभावित प्रत्याशी व उनके समर्थक चुनाव तैयारियों में जुट गए हैं।
चुनावी तैयारियों को पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। शस्त्र धारकों को करीब 10 दिन पहले शस्त्र जमा करने के लिए निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक मात्र 363 शस्त्र धारक ही शस्त्र जमा कर पाए हैं। जबकि जिले में शस्त्र धारकों की संख्या लगभग 4166 है। ऐसे में पुलिस अधिकारी शस्त्र जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में हैं।
एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि शस्त्र जमा कराने को लेकर पुलिस गंभीर है। चुनाव में किसी भी प्रकार की अनहोनी से निपटने के लिए शस्त्र जमा कराना महत्वपूर्ण है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार शस्त्र धारकों को शस्त्र जमा कराने के लिए सूचना दी जा चुकी है। शस्त्र जमा नहीं करने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।