गांव भोवापुर में पेड़ पर चढ़ते तेंदुए। स्रोत वीडियो ग्रैब
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के गांव भोवापुर में एक निजी स्कूल के पास तेंदुआ दिखाई देने का दावा किया गया है। भीम आर्मी कार्यकर्ता गौतम आजाद ने तेंदुआ देखने की बात कहते हुए उसका पेड़ पर चढ़ने का वीडियो बनाने का दावा किया है। उन्होंने वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इसके बाद क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
गौतम आजाद ने बताया कि वह शनिवार रात को गांव भोवापुर में निजी स्कूल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक तेंदुआ दिखाई दिया। उन्होंने तेंदुए को पेड़ पर चढ़ते हुए अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वहीं, सोशल मीडिया पर तेंदुए से संबंधित एक फोटो भी वायरल हो रहा है। सूचना पर पहुंची वन विभाग ने टीम ने जांच पड़ताल की और पैरों के निशान लिए, जिसकी जांच की जा रही है।
क्षेत्र में तेंदुए होने की सूचना से लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है। ग्रामीण सुरेश कुमार ने बताया कि इससे पहले भी क्षेत्र में तेंदुए देखे जा चुके हैं लेकिन वन विभाग की तरफ लगाए जा रहे पिंजरे खाली रह जाते हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फोटो और वीडियो का समाचार पत्र पुष्टि नहीं कर रहा है। वनक्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि टीम को मौके परे भेजा गया है। जांच कराई जा रही है और रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है।