गढ़मुक्तेश्वर। सर्किल क्षेत्र के कई गांवों में तेंदुए दिखाई देने के बावजूद वन विभाग के अधिकारी केवल बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव नवादा में पकड़ने की कवायद कर रहे हैं। वहीं दूसरे गांवों के ग्रामीण डरे हुए हैं। जिन्होंने उनके क्षेत्र में भी लगातार कांबिंग और पिंजरे लगाए जाने की मांग की है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र में नवादा, शंकराटीला, सेहल और आलमनगर के साथ ही आसपास के ग्रामीण तेंदुए की दहशत के कारण परेशान हैं। इसके अलावा भी तेंदुए गढ़ क्षेत्र के गांव कूलपुर, सिंभावली के नवादा कलां व अन्य स्थानों पर दिखे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों ने केवल नवादा कलां में ही पिंजरे लगाए हैं, वहीं पर नाइट विजन कैमरे लगाने के साथ ही रात में भी कांबिंग कराई जा रही है। जबकि उनके गांवों के आसपास भी तेंदुए मौजूद हैं। लेकिन इन क्षेत्रों में एक-दो बार कांबिंग के अलावा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं नवादा कलां में लगाए गए पिंजरे खाली पड़े हैं। वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि नवादा और उसके आसपास के क्षेत्र में तेंदुआ अधिक दिखाई दिया है। जिस कारण इस क्षेत्र में इसके होने की संभावना अधिक है। वहीं जहां भी तेंदुआ दिखने की सूचना मिली है, वहां पर टीम को भेजा गया है। जल्द ही तेंदुए को पकड़वा लिया जाएगा।