कुचेसर चौपला। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर में तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने पर वन विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे और जांच की।
शेखपुर निवासी अंकुर ने बताया कि शनिवार को वह खेतों पर मौजूद थे, जहां उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तेंदुआ देखे जाने की जानकारी वन विभाग को दी। वन विभाग के अधिकारियों ने दो दिन गांव में पहुंचकर जांच की और ग्रामीणों को तेंदुआ से सावधान रहने की सलाह दी। वन विभाग की टीम में डीएफओ अर्शी मलिक, रेंजर मुकेश कांडपाल, डिप्टी रेंजर जगपाल सिंह, बाबूगढ़ इंचार्ज सरिता भट्ट, नितेश, भारत आदि शामिल रहे।