सिंभावली। क्षेत्र के गांव नवादा के जंगल में पशुओं का चारा लेने के लिए गए किसान के भैंसे पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के हमले के दौरान किसान ने मौके से भाग कर अपनी जान बचाई। इसके बाद ग्रामीणों ने जंगल में जाकर तेंदुए को तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से विशेष टीम का बुलाकर सर्च आपरेशन चलाकर तेंदुए को पकडऩे की मांग की है।
गांव नवादा निवासी धर्मपाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा बुधवार की सुबह जंगल से पशुओं का चारा लेने के लिए गया था। वहां चारा काटने के दौरान गन्ने की फसल से निकालकर आए तेंदुए ने उनके भैंसे पर हमला कर दिया। इस दौरान भैंसा बिदक गया। तेंदुए को देखकर उनका बेटा वहां से जान बचाकर भाग निकला। सूचना मिलने के बाद हाथों में लाठी डंडे लेकर ग्रामीण जंगल में पहुंचे और तेंदुए को तलाश किया। लेकिन, तेंदुआ भैंसे को घायल अवस्था में छोड़कर भाग चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में तेंदुआ लगातार दिख रहा है, लेकिन अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। वन विभाग का पिंजरा खाली पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने गाजियाबाद अथवा नोएडा से वन विभाग की विशेष टीम को बुलाकर तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है। वन विभाग क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया गया है। शीघ्र ही तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा। ग्रामीणों से भी अकेले जंगल में न जाने की अपील की जा रही है।