धौलाना। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लागू की गई फ्रंट कार्यालय व्यवस्था के विरोध में धौलाना तहसील में अधिवक्ताओं का आंदोलन सोमवार को भी जारी रहा। बार एसोसिएशन धौलाना के नेतृत्व में अधिवक्ता, बैनामा लेखक और स्टांप वेंडर धरने पर बैठे रहे। वहीं, भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों ने भी धरने में शामिल होकर सरकार के फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष विनोद सिसौदिया ने बताया कि आंदोलन को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का भी समर्थन प्राप्त हुआ है।
संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे और अधिवक्ताओं के संघर्ष के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह केवल अधिवक्ताओं का नहीं, बल्कि अधिकार और सम्मान की लड़ाई है। इस लड़ाई में संगठन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि सरकार की फ्रंट कार्यालय व्यवस्था अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों और स्टांप वेंडरों के हितों के विपरीत है।
धरने के दौरान गजेंद्र पाल सिंह, संजय तौमर, राहुल तोमर, सतीश राणा, अमर पाल सिंह, अभिषेक तोमर, बैनामा लेखक संघ एवं स्टांप वेंडर्स अध्यक्ष अर्चना शर्मा, मोहन तोमर, सौरभ जाटव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और भाकियू (टिकैत) कार्यकर्ता मौजूद रहे।