हापुड़। लाठीचार्ज मामले में पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराने की मांग करते हुए 15 अधिवक्ताओं ने दोबारा एसपी को तहरीर दी। अभी तक कुल 23 अधिवक्ताओं की ओर से तहरीर दी जा चुकी है। जबकि एक ही अधिवक्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
29 अगस्त को तहसील चौपले पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया था। जिससे कई अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में 23 अधिवक्ताओं की ओर से कुछ दिन पहले कोतवाली में तहरीर दी गई थी। जिनमें से केवल अधिवक्ता सुधीर कुमार राणा की तहरीर पर ही पुलिस ने सीओ हापुड़, कई इंस्पेक्टर समेत 141 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जबकि बाकी अधिवक्ताओं की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इस मामले में शुक्रवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ता एसपी कार्यालय पहुंचे। अभी तक दी गई 23 तहरीर मेें से 15 अधिवक्ताओं ने एक बार फिर अपनी-अपनी तहरीर एसपी को सौंपी। इन अधिवक्ताओं में मोनिका सिद्धू, नवनीत सहलोत, मुकेश शर्मा, आलोक शर्मा, नितिन पूनिया, महाराज खान, कुमकुम सागर, संदीप यादव, अजीत चौधरी, अमित कौशिक, सुनील सागर, मुशाहिद, योगेंद्र सिद्धू, रवि कुमार और प्रियंका त्यागी शामिल रहे। अधिवक्ताओं ने एसपी से मांग की कि उनकी तहरीर पर भी मुकदमे दर्ज किए जाएं। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि अधिवक्ताओं की तहरीर ले ली गई है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी।