हापुड़ में अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी रहेगी। बृहस्पतिवार रात उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पदाधिकारियों व अधिकारियों के बीच चली वार्ता में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई पर सहमति बनने के बाद हड़ताल वापस लेने पर सहमति बनी थी। लेकिन हापुड़ बार एसोसिएशन ने फिलहाल हड़ताल जारी रखने की घोषणा की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष एनुल हक ने इस संबंध में दूसरे जिलों की बार एसोसिएशन अध्यक्षों को पत्र जारी कर सहयोग मांगा है। पत्र में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल पर मनमाने ढंग से हापुड़ बार एसोसिएशन के पीडि़त अधिवक्ताओं को विश्वास में लिए बिना आंदोलन समाप्ति का निर्णय लेने का आरोप लगाया है।
पत्र में उन्होंने कहा कि इस निर्णय से हापुड़ के अधिवक्ता खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। आरोपी अधिकारियों पर भी कार्रवाई का केवल आश्वासन ही मिला है। ऐसे में हापुड़ बार एसोसिएशन हड़ताल समाप्ति से सहमत नहीं है। उन्होंने प्रदेश के अन्य जिलों की बार से आंदोलन में सहयोग मांगा है। शुक्रवार को अधिवक्ताओं की हापुड़ में हड़ताल जारी रहेगी। दोपहर में अधिवक्ता पैदल मार्च निकालेंगे।