गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र गांव सरूरपुर के निकट तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान शमीम निवासी सुल्तानपुर की मौत हो गई।
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी चांद मोहम्मद ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उनका भाई चाहत, माता शमीम और बेटी हानिया शनिवार को क्षेत्र के गांव नेकनामपुर फुलड़ी में रहने वाली उनकी बहन के घर गए थे। जहां से देर शाम तीनों बाइक से हापुड़ लौट रहे थे। गांव सरूरपुर के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल ही उनकी मां शमीम को गढ़ सीएचसी पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पीड़ित ने बताया कि उनके भाई चाहत और बेटी हानिया को उपचार के लिए हापुड़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू करा दी गई है।