फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: महापंचायत में गरजे किसान, वीसी को सौंपा मांगपत्र

Fri, 15 Mar 2024 10:10 PM IST
गाजियाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हापुड़
विज्ञापन
विज्ञापन
हापुड़। आनंद विहार योजना के लिए भवन, दुकानों व कृषि भूमि के अधिग्रहण के विरोध में शुक्रवार को किसानों व भवन बचाओ संघर्ष समिति की एचपीडीए कार्यालय के बाहर महापंचायत हुई। जिसमें भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। किसानों की नारेबाजी और तालाबंदी की सूचना पर मौके पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पहुंचे। उन्होंने समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान किसानों ने अपना मांग पत्र सौंपा तथा उपाध्यक्ष में लिखित आश्वासन की मांग की।
विज्ञापन

शुक्रवार को प्राधिकरण कार्यालय के बाहर महापंचायत का आयोजन किया गया था। जिसमें बड़ी संख्या में किसानों व व्यापारियों ने भाग लिया। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला अध्यक्ष पवन हूण ने कहा कि अगर चार बजे तक प्राधिकरण के उपाध्यक्ष किसानों की समस्या सुनने के लिए धरना स्थल पर आते हैं तो ठीक है, अन्यथा कार्यालय पर ताला लगाकर कब्जा कर लिया जाएगा। मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही।

शाम करीब चार बजे प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन गौड़ धरना स्थल पर पहुंचे और समस्या सुनी। इस दौरान किसानों ने मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि दिल्ली रोड पर चमरी से बालाजी मंदिर तक किसानों एवं प्राधिकरण के बीच विवादित भूमि की सड़क से 100 मीटर की पट्टी छोड़ी जाए। करार के अनुसार छह प्रतिशत विकसित भूखंड मिले, किसानों व भू-स्वामियों पर लगाए गए अन्य प्रकार के शुल्क समाप्त कराए जाएं, पूर्व के बने भवनों पर लगाए गए 19000 रुपये प्रति वर्ग मीटर के शुल्क को समाप्त किया जाए, पीड़ित किसानों की 100 मीटर के बाद नए अधिग्रहण कानून के तहत जमीन का मुआवजा दिया जाए अन्यथा 70 प्रतिशत भूमि किसान को और 30 प्रतिशत भूमि प्राधिकरण को दी जाए। दूसरे जिलों में प्राधिकरण द्वारा लिए गए निर्णय को अमल में लाया जाए। किसान नेता संजय त्यागी ने कहा कि प्राधिकरण की जो भी बोर्ड बैठक हो, उसमें किसानों और भवन बचाए संघर्ष समिति के प्रतिनिधि भी शामिल हों। जो भी निर्णय लिया जाए, उनकी उपस्थिति में हो। अगर समय रहते उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो दोबारा से आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्राधिकरण के अधिकारियों की होगी। वहीं, किसानों की मांग पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। किसानों ने कहा कि जो भी निर्णय लिया जाए, उन्हें लिखित में दिया जाए। आश्वासन के बाद धरना समाप्त हो गया, वहीं किसान नूतन प्रकाश त्यागी को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई गई। धरने के दौरान आसपास के गांव सबली, अच्छेजा, श्याम नगर, चितौली, नवादा आदि से किसान ट्रैक्टर-ट्राली लेकर धरना स्थल पर पहुंचे । इस दौरान अन्य सामाजिक संस्थाएं जिसमें प्रमुख रूप से भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक, राष्ट्रीय लोकदल, राष्ट्रीय सैनिक संस्था एवं अखिल भारतीय त्यागी गालव महासभा और दिल्ली रोड के सभी दुकानदार शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें