नगर पालिका के अफसरों की लापरवाही से सराय चांद खां मोहल्ले के लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। चार दिनों से पानी की लाइन में हुई लीकेज को अब तक नहीं सुधारा गया है। सबसे ज्यादा परेशानी रोजदारों को उठानी पड़ रही है।
लोगों को बोतलबंद पानी और हैंडपंप से पानी भरकर काम चलाना पड़ रहा है। शनिवार को पानी न मिलने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि शाम तक घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगी। तहसील चौपला के पास सराय चांद खां में मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों परिवार रहते हैं।
पिछले चार दिनों से यहां रहने वाले लोगों को पानी की बूंद-बंद को तरस रहे हैं। शनिवार को लोगों का सब्र टूटा तो उन्होंने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इन दिनों फ्रीगंज रोड पर सड़क और डिवाइडर बनाने का काम किया जा रहा है।
खुदाई के कारण पानी की लाइन लीकेज हो गई। इस वजह से घरों में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। पानी न मिलने से रोजेदारों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार नगर पालिका के अधिकारियों और वार्ड के पालिका सदस्य से समस्या बताई गई,
लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। भीषण गर्मी में मोहल्ले के लोग मोहल्ले के बाहर लगे एकमात्र हैंडपंप सेपानी लाकर गुजर बसर कर रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शनिवार शाम तक उनकी समस्या का हल नहीं हुआ तो रविवार से आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में बिल्लो, खालिदा, शहजादी, जेबा, अनीसा, फेमिदा, संजीदा, शाबाज, रियाजुद्दीन, जावेद, इमरान, अफजाल आदि मौजूद रहे।