चैत्र अमावस्या पर बृहस्पतिवार को ब्रजघाट गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं को सैलाब उमड़ेगा। इसके चलते हाईवे पर जाम लग सकता है। भक्तों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और जाम से बचने के लिए इंतजाम शुरू कर दिए हैं।
चैत्र अमावस्या के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को ब्रजघाट गंगा में आस्था की डुबकी लगेगी। इसमें दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत वेस्टर्न यूपी के दूरस्थ जनपदों के लाखों भक्त स्नान को पहुंचेंगे। अभी से धर्मशाला, आश्रम और मंदिर परिसरों में भक्तों का आगमन शुरू हो गया।
प्राचीन पंचायती मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित सुरेंद्र प्रसाद शर्मा और पंडित रमाशंकर तिवारी का कहना है कि चैत्र अमावस्या पर मोक्ष दायिनी में आस्था की डुबकी लगाकर दान करने वाले पापों से मुक्त होकर मनोवांछित फल के भागीदार बनते हैं।
पंडित रमाशंकर तिवारी ने बताया कि चैत्र अमावस्या पर बृहस्पतिवार को प्रात: काल चार बजे ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान पर्व प्रारंभ होगा। स्नान सूर्यास्त होने तक निरंतर चलेगा।
ब्रजघाट चौकी इंचार्ज बलबीर सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे पर जाम होने पर दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ की तरफ जाने वाले भक्त ब्रजघाट से पलवाड़ा रोड वाया डेहरा कुटी से वैट होकर निकलेंगे।
मेरठ, बागपत, बड़ौत, किठौर क्षेत्र के भक्त गांव अल्लाबख्शपुर के सामने से महमाई रोड होकर गढ़ कस्बे से निकलकर मेरठ रोड पर पहुंच सकेंगे। बुलंदशहर, स्याना, औरंगाबाद के भक्त ब्रजघाट वाया पलवाड़ा रोड होकर लौट सकेंगे।