हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत स्वर्ग आश्रम रोड के मोहल्ला आनंदलोक कालोनी स्थित मकान से करीब 20 लाख रुपये के आभूषण चोरी हो गए। पति ने पत्नी पर ही गहने चोरी करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
मोहल्ला निवासी प्रशांत कुमार ने तहरीर में बताया कि उनकी शादी दो दिसंबर 2021 को हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद उनकी पत्नी ने उनके माता-पिता का अनादर करना शुरू कर दिया। 15 फरवरी 2025 को पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया और वह 10 दिन बाद ही बच्ची को छोड़कर मायके चली गई। करीब 10 महीने बाद कुछ लोगों की मौजूदगी में गलती मानकर वह वापस लाैटी, लेकिन पत्नी का व्यवहार माता-पिता के प्रति नहीं बदला।
शनिवार को पत्नी ने उनके घर में रखे सारे आभूषण चोरी कर लिए, जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपये थी। पत्नी से आभूषण के बारे में पूछने पर उसने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस के कहने पर भी पत्नी ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। पीड़ित ने आशंका व्यक्त की है कि उनकी पत्नी उसे व उसकी बेटी को चोट पहुंचा सकती है। ऐसे में उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।