हापुड़। फर्जी रिपोर्ट लगाकर लंबी दूरी का कनेक्शन देने वाले लाइनमैनों का फर्जीवाड़ा अब नहीं चलेगा, क्योंकि लाइनमैन की रिपोर्ट का अवर अभियंता साइट पर जाकर जांच करेंगे। कनेक्शन होने के बाद जांच में अनियमितता मिली तो अवर अभियंता और लाइनमैन पर कार्रवाई होगी।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता ने निर्देश जारी कर दिया है। अधिशासी अभियंता चंदन प्रकाश के बीते दिनों निरीक्षण करने पर दर्जनों बिजली के कनेक्शन काफी लंबी दूरी के मिले थे। इस पर दो लाइनमैनों को निलंबित किया गया था।
लंबी दूरी के कनेक्शन से लाइन लॉस और तारों के मकड़ जाल से जन-धन की क्षति की आशंका के चलते लंबी दूरी के कनेक्शन पर पूरी तरह से रोक लगाने की रणनीति तैयार कर ली गई है। अब बिजली का घरेलू कनेक्शन देते समय लाइनमैन की रिपोर्ट पर अवर अभियंता साइट का निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण में दूरी मानक अनुरूप मिलने पर ही कनेक्शन को हरी झंडी दी जा सकेगी। उपभोक्ता को कनेक्शन मिलने पर एसडीओ उसकी जांच करेंगे। जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित अवर अभियंता व लाइनमैन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश जारी कर दिया है। उधर, अधिशासी अभियंता चंदन प्रकाश का कहना है कि लंबी दूरी के कनेक्शन बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अब मानक से ज्यादा दूरी का विद्युत कनेक्शन दिया गया तो संबंधित जेई व लाइनमैन पर कार्रवाई होगी।