हापुड़। सर्दी और प्रदूषण के कारण मरीजों को अस्थमा के साथ खांसी परेशान कर रही है। रविवार को जन आरोग्य मेलों में ऐसे 220 से ज्यादा मरीज आए। इनमें बुजुर्गों की हालत अधिक खराब रही। हृदय रोगियों को भी लगातार खांसी परेशान कर रही है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि मौसम में बदलाव का असर बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर अधिक पड़ रहा है। अस्थमा का अटैक झेल रहे मरीजों को सूखी खांसी भी परेशान कर रही है। जन आरोग्य मेलों में बड़ी संख्या में ऐसे मरीज आए। जिन्हें नियमित दवाएं लेने के साथ मास्क लगाने और सुबह, शाम की सर्दी से बचने की सलाह दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिन मरीजों को हृदय संंबंधी परेशानी है, उन्हें खांसी ज्यादा परेशान कर रही है। अधिक खांसने के कारण सांस की नली में सूजन बन रही है। इसके अलावा वायरल बुखार के मरीजों की संख्या भी 450 से अधिक रही। नजला, जुकाम वाले मरीज 200 से अधिक रहे, चर्म रोग और नेत्र रोगियों की संख्या भी काफी अधिक रही। उन्होंने बताया कि बुखार के 10 मरीजों के नमूने जांच के लिए जिला अस्पताल भेजे गए हैं। नेत्र रोगियों को भी हायर सेंटर रेफर किया गया है।
इन बातों का रखें ध्यान-
* मास्क का प्रयोग करें।
* फास्ट और जंक फूड के सेवन से बचें।
* ठंडे पेय पदार्थों का सेवन न करें।
* पानी खूब पिएं, पौष्टिक भोजन करें।
* अस्थमा की दवाएं नियमित लेते रहें।