ब्रजघाट। दिल्ली-लखनऊ हाईवे 09 पर टोल प्लाजा के पास लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से हाईवे पर करीब छह किलोमीटर लंबा जाम लग गया। भीषण गर्मी में करीब पांच घंटे तक लोगों को जाम से जूझना पड़ा। ऐसे में बच्चे पानी आदि के लिए भी बिलबिला गए। बुद्ध पूर्णिमा पर वाहनों का अधिक आवागमन होने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुद्ध पूर्णिमा के कारण देर रात से ही गंगा नगरी की ओर वाहनों का आना शुरू हो गया था। इसके कारण हाईवे पर जाम लगना शुरू हो गया। सोमवार सुबह लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राॅली मुरादाबाद की ओर से से हापुड़ की ओर आ रही थी। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राॅली गांव हाईवे स्थित टोल प्लाजा के निकट पहुंची तो चालक नियंत्रण खो बैठा। इससे ट्राॅली में भरी लकड़ियां हाईवे पर बीच सड़क पर पलट गई। इस दौरान हाईवे पर वाहनों के पहिये थम गए। देखते ही देखते भीषण जाम लग गया और गंगा स्नान के लिए आने जाने वाले यात्री भी फंस गए। ऐसे में घंटों तक वाहन हाईवे पर जाम में फंसकर रेंगते रहे। आलम यह रहा कि दो पहिया वाहन भी जाम में फंसे दिखाई दिए और उन्हें भी निकलने के लिए रास्ता नहीं मिला।
- ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही से हुई स्थिति विकट
हाईवे को जाम मुक्त रखने के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जाम संभावित स्थानों पर यातायात और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इस समय जाम की स्थिति बननी शुरू हुई तो ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरी लकड़ियों को हटवाया। इसके साथ ही क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्राॅली को सड़क से हटवाया गया। इसके बाद जाम खुला।
- बूंद-बूंद पानी के लिए तरसे बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे
हाईवे पर पांच घंटे तक जाम की स्थिति बनने से उमस भरी गर्मी ने यात्रियों और श्रद्धालुओं को हलकान कर दिया। बसों और वाहनों में सवार लोगों के पास मौजूद पानी खत्म होने के बाद लोग और अधिक परेशान हो उठे। छोटे बच्चे प्यास और गर्मी से बिलखने लगे, तो लोगों को बोतलबंदी पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ा।
- स्नान के लिए दो से तीन किलोमीटर पैदल चले श्रद्धालु
हाईवे पर जाम लगने के बाद श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ने लगी। बसों और अन्य ट्रांसपोर्ट के माध्यम से आए श्रद्धालु वाहनों को छोड़कर ही पैदल गंगा तट की ओर चल दिए। जो दो से तीन किलोमीटर पैदल चलकर मोक्षदायिनी गंगा के तट पर पहुंचे। मेरठ से गंगा स्नान के लिए पहुंची सोनिया ठाकुर ने बताया कि वह सुबह आठ बजे ब्रजघाट पहुंच गई थीं, बस जाम में फंसने से दो किलोमीटर पैदल चलकर ब्रजघाट तक पहुंची और स्नान किया। कुलदीप ने भी कुछ इसी प्रकार की अपनी व्यथा बताई। ऐसे लोग गर्मी में अधिक परेशान दिखाई दिए।
हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्राॅली से लकड़ियां गिरने के कारण कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। ट्रैक्टर-ट्राॅली और लकड़ियों को हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया। ड्यूटी में लापरवाही को लेकर जांच की जाएगी। इसमें दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।- वरुण मिश्रा, सीओ