हाफिजपुर (हापुड़)। बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा की दूर के नाबालिग रिश्तेदार से नजदीकियां बढ़ीं और प्यार हो गया। शिवानी ने इस बेमेल प्यार को रिश्ते में बदलना चाहा लेकिन अंजाम जानलेवा साबित हुआ।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भदस्याना निवासी शिवानी हत्याकांड का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। उसकी हत्या उसके नाबालिग प्रेमी ने ईंट से प्रहार करके की थी। पुलिस ने बाल अपचारी को पकड़ लिया है। उसके पास से युवती का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
गांव भदस्याना निवासी महिपाल की बेटी शिवानी का शव सोमवार देर शाम हाफिजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चितौली उबारपुर मार्ग के किनारे जंगल में मिला था। देर शाम उसकी पहचान होने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी थी। चार भाइयों की इकलौती बहन की हत्या की खबर मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि आरोपी, शिवानी के पिता की तहेरी बहन का बेटा है। दोनों रिश्ते में भाई-बहन लगते थे। उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपने ननिहाल भदस्याना में रहकर ही कक्षा आठ से दसवीं तक की पढ़ाई की थी।
इस बार उसने कक्षा 11वीं में हापुड़ के एक इंटर कॉलेज में प्रवेश लिया है। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गांव सादिकपुर के पास से पकड़ लिया। उसने पूछताछ में बताया कि उस पर शिवानी शादी करने का दबाव बना रही थी।