अगर आपके पास 15 से 50 एकड़ जमीन हैं और आप इंडस्ट्रियल एरिया बसाना चाहते हैं तो यह सपना पूरा हो सकता है। इसके लिए लघु उद्योग निगम के पास भू स्वामी आवेदन कर सकता है। भू स्वामी को प्राइवेट मिनी इंडस्ट्रीयल एरिया बनाने के लिए निगम हर संभव मदद करेगा।
बस शर्त यह है कि चयनित जमीन के 10 फीसदी भाग को निगम अपने पार रखेगा बाकी 90 फीसदी जमीन पर भूमि स्वामी अपनी मर्जी से प्लॉटिंग कर सकेंगे।
लघु उद्योग के चेयरमैन व सपा व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हुलाश राय सिंघल ने मंगलवार को पक्का बाग स्थित अमित कुमार के आवास पर बताया कि जितनी तेजी से उद्योग बढ़ेगा उतनी ही तेजी से ही देश का विकास होगा। सूबे में औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्राइवेट मिनी इंडस्ट्रीयल एरिया को हरी झंडी दी गई है।
इस योजना के तहत ऐसे भूमि स्वामी जिनके पास 15 से 50 एकड़ जमीन है वह इंडस्ट्रीयल एरिया बनाने के लिए प्लॉटिंग कर सकते हैं। बशर्ते इसके लिए उसे लघु उद्योग निगम से इजाजत लेनी होगी।
चयनित लाभार्थी की जमीन का 10 फीसदी हिस्सा निगम अपने पास रखेगा शेष 90 फीसदी जमीन पर वह प्लॉटिंग कर सकेगा। शासन स्तर से उन्हें इंडस्ट्रीयल एरिया को मिलने वाली तमाम सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
सिंघल ने बताया कि बोर्ड में तीन माह पहले इस योजना का प्रस्ताव पास हो चुका है। शासन की सहमति भी लगभग मिल चुकी है। अब जल्द ही सूबे में बड़े पैमाने पर इंडस्ट्रियल एरिया विकसित किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि सपा सरकार ने उद्यमियों के हित में व्यापार कर की बीमा राशि को बढ़ा दिया है।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जा चुका है। इस दौरान उन्होंने भाजपा, बसपा पर उद्यमियों के शोषण का आरोप लगाया। 11 अगस्त को मेरठ में होने वाले सम्मेलन में व्यापारियों से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया।
इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमित कुमार, मुकुल जैन, प्रदीप सिंह, पिंटू राणा, मोहित सिंहल, दयानंद अग्रवाल, सुधीर गर्ग, गौरव गर्ग, नवनीत गोयल मौजूद रहे।