संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़मुक्तेश्वर। मंगलवार को एचपीडीए की टीम ने क्षेत्र में चार स्थानों पर अभियान चलाकर 41 हजार 500 वर्ग मीटर में कराई गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कराया। वहीं, दोबारा बिना मानक पूरे कराए प्लॉटिंग करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
प्रभारी प्रवर्तन अजय कुमार सिंघल, अवर अभियंता जितेंद्र नाथ दुबे प्राधिकरण के सचल दस्ते के साथ कोतवाली पहुंचे। जहां से पुलिस टीम को साथ लेकर अभियान की शुरूआत की गई। अजय कुमार सिंघल ने बताया कि नगर के पुरानी दिल्ली रोड पर स्थित घोड़ा फार्म मोहल्ला इंद्रानगर में गौरव और मोहम्मद शाहिद द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत करीब 20 हजार वर्ग मीटर में कराई जा रही अवैध प्लॉटिंग जेसीबी की मदद से ध्वस्त कराई। जिसके बाद रेलवे स्टेशन मार्ग पर दिलशाद अली की 15 हजार वर्ग मीटर, शेरा कृष्णा वाली रोड पर खादर क्षेत्र में आलमगीर चौधरी, शराफत अली की चार हजार वर्ग मीटर में और बदरखा ओवर ब्रिज के निकट योगेश त्यागी की 25 सौ वर्ग मीटर में कराई जा रही अवैध प्लॉटिंग भी ध्वस्त कराई गई। उन्होंने बताया कि सभी स्थानों पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ही प्लॉटिंग कराई जा रही थी। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।