राशन वितरण में कोई भी धांधली हुई तो फिर दुकान बर्खास्तगी के साथ ही डीलर पर एफआईआर दर्ज होगी। सूबे के खाद्य और रसद मंत्री कमाल अख्तर ने कड़ी चेतावनी दी है।
सपा जिला महासचिव साजिद चौधरी की बेटियों की शादी में शिरकत करने पहुंचे रसद और खाद्य मंत्री कमाल अख्तर के समक्ष कई लोगों ने राशन वितरण में धांधली की शिकायत रखी।
इस पर मंत्री ने तल्ख लहजे में चेतावनी दी कि राशन वितरण में कोई भी धांधली सहन नहीं की जाएगी। विभागीय स्तर से गठित की गईं टास्क फोर्स छापामारी कर राशन वितरण की स्थिति समेत घटतौली और निर्धारित दर से अधिक वसूली जैसे मामलों की पड़ताल करेगी।
कोई भी धांधली सामने आने पर राशन दुकान को बर्खास्त कर डीलर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि विकास कार्यों के बल पर वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भी सपा की ही सरकार बनेगी।