पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने दी चेतावनी
- फोटो : अमर उजाला
गंदगी और दुर्गंध से परेशान बच्चों ने स्कूल में पढ़ने से इंकार कर दिया। गुस्साए बच्चों ने साफ लहजे में कहा कि जब तक स्कूल में साफ सफाई नहीं करवाई जाएगी, तब तक वह वहां पढ़ाई नहीं करेंगे। इस दौरान बच्चों के अभिभावक भी मौजूद रहे।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के सलोनी गांव के पूर्व माध्यमिक स्कूल परिसर में काफी दिन से कीचड़ भरा हुआ है। स्कूल के गेट पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे दुर्गंध उठने के कारण बच्चों का स्कूल में बैठना मुश्किल हो जाता है।
कई बार बच्चों ने हेडमास्टर से स्कूल में सफाई करवाने के लिए कहा लेकिन सफाई नहीं हुई। इससे आजिज आए बच्चों ने सोमवार को स्कूल में पढ़ने से इंकार कर दिया। सूचना पर स्कूल पहुंचे अभिभावकों राजा, कुमरी, देवेंद्र, ओमपाल,
देशराज, जसवीर और सुल्लड़ ने बताया कि गंदगी के कारण बच्चे स्कूल आने से कतराने लगे हैं। वह खुद भी संक्रामक बीमारियों के डर से बच्चों को स्कूल नहीं भेजना चाहते हैं। काफी दिन से स्कूल में गंदगी है, कई बार शिकायत भी की गई लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
अब अगर स्कूल में साफ-सफाई नहीं हुई तो हम बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे। वहीं हेडमास्टर अतुल माहेश्वरी ने बताया कि स्कूल में सफाई कर्मचारी तैनात नहीं है। खुद ही सफाई करवाई जाती है। गांव के लोग ही स्कूल के आसपास कूड़ा डालते हैं। ऐसे में गांव के प्रधान और गांव वालों के सहयोग से ही समस्या का समाधान हो सकेगा।
हेडमास्टर इस संबंध में एबीएसए मुहम्मद राशिद ने कहा कि तत्काल मामले की जांच करवाकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्कूल परिसर में किसी भी तरह की गंदगी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।