नगर पालिका सभागार में सोमवार को बोर्ड बैठक में स्वकर निर्धारण प्रणाली का सभासदों ने विरोध किया। इस दौरान प्रशासक (डिप्टी कलक्टर) ज्योति राय ने सभासदों को विकास विरोधी बताया तो हंगामा शुरू हो गया।
इस दौरान गुस्साए ईओ हेमराज ने कहा कि मैं जनता का नौकर नहीं हूं। इससे नाराज सभासदों ने हंगामा कर बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर दिया। बोर्ड बैठक दोपहर दो बजे शुरू हुई। सभासदों ने स्वकर प्रणाली के प्रस्ताव और नल ठीक न होने पर हंगामा शुरू कर दिया।
इस दौरान सभासदों और ईओ में नोंकझोंक होने लगी। पालिका प्रशासक ज्योति राय ने सभासदों को विकास विरोधी कह दिया। इस पर सभासद और आक्रोशित हो गए। उन्होंने एकत्रित होकर सभागार में हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामा इतना बढ़ गया कि ईओ ने सभासदों से कह दिया कि मैं जनता का नौकर नहीं हूं। सभासदों ने बताया कि स्वकर प्रणाली से पालिका में भ्रष्टाचार बढ़ेगा। अनेक नल कई कई माह से खराब पड़े हैं।
ईओ दफ्तर में मिनट बुक खुद ही लिखवाते हैं। बाद में आक्रोशित सभासद बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर चले गए। बोर्ड बैठक के दौरान सभासद रामकुमार मेरी आवाज सुनो, नगर पालिका पिलखुवा में भ्रष्टाचार, अपनी मर्जी से प्रस्ताव पास आदि लिखे बैनर लेकर पहुंचे थे।
इस दौरान दीपक शुक्ल, चेतन राणा, नलिन शर्मा, प्रदीप सोम, कृष्ण भंडारी, प्रवीन गोयल, यशपाल प्रजापति, राकेश शर्मा, रामकुमार, राजेंद्र टॉक, राजकुमार, मुंशी हबीब, इस्लामुददीन, प्रदीप शर्मा, प्रदीप सैन, इकरामुददीन शामिल रहे। इस दौरान सभासदों को खाने के लिए बुलाया गया, लेकिन उन्होंने खाने से इंकार कर दिया।
जो समस्याएं सभासदों ने बताई हैं, उनका समाधान कराया जायेगा। संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान के निर्देश गए हैं। सभासदों को परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। जनता की प्रत्येक समस्या का समाधान होगा। ज्योति राय , पालिका प्रशासक व डिप्टी कलेक्टर