हापुड़ की जिला अदालत गढ़ में बनाए जाने की उम्मीद है। प्रदेश के विशेष सचिव ने गढ़ गंगानगरी में जिला कोर्ट स्थापना हेतु इलाहाबाद हाईकोर्ट के महानिबंधन से विधिक राय और संस्तुति समेत प्रस्ताव मांगा है।
सामाजिक संगठन मानवाधिकार एवं भ्रष्टाचार निवारण संघ के राष्ट्रीय सचिव पंकज लोधी राजपूत काफी अरसे से हापुड़ की जिला अदालत की स्थापना गढ़ गंगानगरी में कराए जाने की मांग करते आ रहे हैं। उन्होंने इस बाबत 5 मई में सीएम को एक ज्ञापन भेजा था।
जिस पर प्रदेश शासन ने संज्ञान लिया है। शासन के विशेष सचिव मुशीर अहमद अब्बासी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के महानिबंधन को पत्र भेजा है। जिसमें हापुड़ की जिला अदालत की स्थापना गढ़ गंगानगरी में कराए जाने के विषय में विधिक राय के साथ ही संस्तुति सहित प्रस्ताव उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
जिला अदालत की स्थापना गढ़ में कराए जाने की आस बंधने से स्थानीय वकीलों में खुशी की लहर दौड़ गई है। बार अध्यक्ष सुबोध त्यागी, सचिव शांतनु तोमर, उपाध्यक्ष रामपाल चौहान, सह-सचिव विकास गुप्ता, कोषाध्यक्ष रिजवान अली, लेखा निरीक्षक विपिन शर्मा का कहना है कि गढ़ में जिला अदालत बनाए जाने से जनपद के अति पिछड़े क्षेत्र में वादकारियों को सस्ता और सुलभ न्याय मिल पाना संभव हो सकेगा।