गले पर था धारदार हथियार का निशान
मृतका के भाई देवकांत निवासी गांव बहांपुर, थाना बीबी नगर जनपद बुलंदशहर ने बहादुरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उल्लेख किया है कि रविवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन रीता का शव ससुराल में खून से लथपथ हालत में पड़ा है। महिला के गले पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे, जिससे साफ है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई। बताया गया कि रीता का पति राहुल शर्मा बिजनौर के चांदपुर में प्लास्टिक टब और बाल्टी का थोक व्यापार करता है। उसने पुलिस को बताया कि वह सोमवार रात को व्यापार के सिलसिले में चांदपुर गया था, लेकिन जांच में सामने आया कि वह घटना से पहले ही गांव लौट आया था। पुलिस को गुमराह करने के लिए राहुल ने स्वयं डायल 112 पर फोन कर सूचना दी और लूट की कहानी गढ़ी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। एसपी ज्ञानंजय सिंह, सीओ स्तुति सिंह और इंस्पेक्टर धीरज मलिक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब दो घंटे तक घटनास्थल पर रहकर जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घर में सैफ और संदूक का सामान बिखरा मिला, लेकिन जांच अधिकारियों को यह पूरी तरह से साजिशन किया गया प्रतीत हुआ।
राहुल का लंबे समय समय से नेहा के साथ संबंध
महिला की मौत की खबर फैलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और रोते-बिलखते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि राहुल शर्मा का अपनी प्रेमिका नेहा से लंबे समय से संबंध था, जिसका रीता विरोध करती थी। इसी कारण राहुल ने अपनी मां गायत्री और प्रेमिका के साथ मिलकर रीता की हत्या की साजिश रची। परिजनों का कहना है कि पहले भी रीता के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति राहुल शर्मा, सास गायत्री, ससुरल विनोद शर्मा और प्रेमिका नेहा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
लूट की कहानी में फंसा आरोपी
घर में बिखरा सामान, टूटी चेन और अलमारी से निकला हुआ माल, सब कुछ लूट जैसा दिखाने की कोशिश थी। लेकिन फोरेंसिक जांच और अन्य चीजों ने आरोपी पति की कहानी को झूठा साबित कर दिया।
बोले अधिकारी
सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, आरोपी राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ कराई जा रही है। - स्तुति सिंह, सीओ