नाव की छत पर चढ़कर किया नाविक पर हमला
पीड़ित ने बताया कि गुस्साए युवकों ने अभद्रता और गाली-गलौज करते हुए पिटाई करना शुरू कर दिया। किसी तरह उनका बेटा आरोपियों के चंगुल से छूट कर वह उनसे बचने के लिए दौड़ कर नाव की छत पर चढ़ गया। लेकिन, आरोपी युवक भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गए। नाव की छत पर चढ़कर युवकों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। इसी दौरान सााथियों ने ब्रजघाट चौकी पुलिस को सूचना दे दी।
युवकों और महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से की हाथापाई
सूचना के बाद ब्रजघाट चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने नाविक को बचाने का प्रयास किया। जिस पर हंगामा कर रहे युवक और उनके साथ आई महिलाएं और अधिक आक्रामक हो गए। जिन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता करते हुए हाथापाई की। घटना के दौरान तट पर मौजूद लोगों ने इसके वीडियो अपने मोबाइल फोन में बना लिए। जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया। वहीं, अन्य लोग फरार होने में कामयाब हो गए।
दो युवकों के मोबाइल तोड़े
गढ़ के मीरा रेती निवासी जितेंद्र केवट ने बताया कि वह आपदा प्रबंधन के तहत गंगा तट पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान हंगामा होने पर उन्होंने अपने मोबाइल से वीडियो बनाया। लेकिन हंगामा कर रही महिलाओं व युवकों ने मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। वहीं, बरेली निवासी उदयवीर ने भी तहरीर दी है। उनका कहना है कि वह परिजनों के साथ गंगा स्नान करने आए थे। हंगामे के दौरान वीडियो बनाने पर आरोपियों ने उनका भी मोबाइल छीन कर फेंक दिया। जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग
तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय दुकानदारों और नाविको का कहना है कि ड्राई क्षेत्र होने के बावजूद बाहरी क्षेत्र से आने वाले कुछ असामाजिक तत्व शराब का सेवन कर गंगा में स्नान करने के साथ ही लोगों से अभद्रता और हंगामा करते है। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पीड़ित नाविक को मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। हंगामा कर रहे चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -स्तुति सिंह, सीओ