बाबूगढ़ थानाक्षेत्र के गांव सरावनी में एचटी लाइन का पोल टूटकर एक मकान पर गिर गया। इस दौरान मकान में रहने वाला परिवार बाल-बाल बचा। पोल गिरने से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीण का आरोप है कि सूचना के बाद भी विद्युत निगम के अफसरों ने मकान से पोल नहीं हटवाया है। साथ ही पोल हटवाने के लिए सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में मुन्ना अंसारी के मकान के बाहर एचटी लाइन का जर्जर पोल लगा हुआ था, जिसे बदलवाने की मांग कई बार की जा चुकी है। बृहस्पतिवार को पोल टूटकर मुन्ना के मकान पर गिर गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
इस दौरान मुन्ना का परिवार बाल-बाल बच गया। पोल गिर जाने के कारण कई घरों की बिजली गुल हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत निगम के अधिकारियों को सूचना दिए जाने के बाद भी गिरा हुआ पोल नहीं हटवाया गया है और न ही बिजली व्यवस्था सुचारू कराई गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग के अधिकारी पोल हटाने के लिए सुविधा शुल्क की मांग कर रहे हैं। इसके विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
वहीं, अधीक्षण अभियंता बीएल मौर्य ने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। जल्द ही पोल को बदलवाकर विद्युत व्यवस्था सुचारू करा दी जाएगी। इस मौके पर अकरम, सुहैल, बानो, नसीम, रिहान मौजूद रहे।