गढ़मुक्तेश्वर। जनपद में स्वास्थ्य विभाग मरीजों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कस रहा है। नगर में रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण कराए बिना संचालित हो रहे अस्पताल को एसीएमओ ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बृहस्पतिवार को सील करने की कार्रवाई की है।
एसीएमओ डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन क्लीनिक और अस्पतालों का संचालन गैर कानूनी है। उनका कहना है कि तहसील मार्ग पर स्थित आदर्श अस्पताल के रजिस्ट्रेशन की समयावधि पूरी हो चुकी है। इसके उपरांत अस्पताल संचालक को रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण कराने का निर्देश दिया गया लेकिन अस्पताल संचालक ने नवीनीकरण नहीं कराया। इसके बावजूद भी अस्पताल का संचालन निरंतर किया जा रहा है। जिसकी सूचना मिलने के बाद वह बृहस्पतिवार को क्षेत्र में पहुंचे और जांच की। डॉ. नवीन कुमार का कहना है कि रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण न होने के कारण अस्पताल का संचालन बंद करा दिया गया है और सील करने की कार्रवाई की गई है। मानक पूरे किए बिना किसी भी अस्पताल, क्लीनिक व मेडिकल स्टोर का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।